नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बाद कर्णप्रयाग में हाई अलर्ट, सीमाओं पर बढ़ी सुरक्षा
कर्णप्रयाग (चमोली), 21 जून 2026: रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों द्वारा किए गए हंगामे के बाद चमोली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए रविवार सुबह से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं और जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है।
जनपद के प्रवेश द्वार कमेड़ा में आईटीबीपी और पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। बैरियर लगाकर आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। इसके अलावा कर्णप्रयाग, गौचर और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह मामला 16 जून को निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना से जुड़ा है, जिसने बाद में विवाद का रूप ले लिया। सोशल मीडिया पर सिख समुदाय द्वारा 21 जून को कर्णप्रयाग पहुंचने की जानकारी प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी।
शनिवार को नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों के हंगामे के बाद प्रशासन को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हुई, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा कारणों से तहसील प्रशासन ने संबंधित परगना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 भी लागू कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।



Post Comment