बैरिकेडिंग पार कर उत्तराखंड में दाखिल हुए निहंग, सुरक्षा एजेंसियां रहीं अलर्ट
देहरादून/विकासनगर: चमोली के कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद गुरुवार को पंजाब से उत्तराखंड की ओर आ रहे निहंग सिखों के एक जत्थे को कुल्हाल चेक पोस्ट पर रोकने का प्रयास किया गया। प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद 20 से 30 निहंग बैरिकेडिंग पार कर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गए। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुछ निहंग तलवारें लहराते हुए आगे बढ़े और मौके पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की भी सूचना मिली। स्थिति को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को तत्काल तैनात कर दिया गया।
निहंगों के उत्तराखंड में प्रवेश की सूचना मिलते ही देहरादून, विकासनगर और प्रेमनगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी। डीएम डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
रात तक पुलिस निहंगों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास करती रही। प्रशासन का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
निहंग प्रतिनिधियों का कहना है कि वे हेमकुंड साहिब की यात्रा जारी रखना चाहते हैं और कर्णप्रयाग विवाद में दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति से सख्ती से निपटा जाएगा।



Post Comment