: 4 जुलाई से शुरू होगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, 15 दिन तक जनता के बीच पहुंचेगी धामी सरकार
देहरादूनप्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उत्तराखंड सरकार 4 जुलाई से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण शुरू करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह विशेष अभियान 15 दिनों तक चलेगा, जिसके दौरान जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना और सरकारी सेवाओं को उनके घर-द्वार तक पहुंचाना है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे तथा मौके पर ही जन शिकायतों का समाधान करने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य यही है कि नागरिकों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी सेवाओं का लाभ मिले। इसी सोच के तहत सभी सक्षम अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में भी इसी नाम से 45 दिवसीय अभियान चलाया गया था, जिसमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस अभियान को एक बार फिर शुरू किया जा रहा है, ताकि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही किया जा सके।



Post Comment