देहरादून में बोले केसी वेणुगोपाल, कहा- उत्तराखंड कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच की मांग
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तराखंड कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।
दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे वेणुगोपाल ने कहा कि प्रदेश में सत्ता पक्ष के खिलाफ जनता में व्यापक असंतोष है और कांग्रेस चुनाव से पहले हर वर्ग के लोगों के बीच जाकर उनकी राय लेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी की घोषणा-पत्र (मैनिफेस्टो) समिति विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर और प्रयागराज से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों की जांच सर्वोच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले का भी जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई।
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अब मंदिरों के चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर ट्रस्ट का गठन किया था, लेकिन चढ़ावा चोरी के मामलों पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
कांग्रेस महासचिव ने उत्तराखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में असफल रही है और कई मंत्री तथा विधायक भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हुए हैं।



Post Comment