बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: विधायक लखपत सिंह बुटोला ने हाईकोर्ट के सिटिंग जजों से जांच कराने की मांग
देहरादून। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की विशेष समिति गठित करने का आग्रह किया है। बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इस मुद्दे पर बोलते हुए वह भावुक भी हो गए।
बुटोला ने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे में कथित हेराफेरी की घटना से देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि केवल एक कर्मचारी को निलंबित कर देने से सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा गठित विभागीय या स्थानीय जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है। उनके अनुसार, मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की निगरानी में समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बीकेटीसी के पदाधिकारियों की नियुक्ति सरकार करती है, इसलिए सरकार अपनी जवाबदेही से पीछे नहीं हट सकती।
प्रेसवार्ता के दौरान बुटोला ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सत्ता पक्ष के विधायकों की भी अपनी ही सरकार में सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तथा विजेंद्र रावत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



Post Comment