×

एसआईआर: उत्तराखंड की 10 विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक वोट कटे, छह भाजपा और चार कांग्रेस की सीटें शामिल

एसआईआर: उत्तराखंड की 10 विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक वोट कटे, छह भाजपा और चार कांग्रेस की सीटें शामिल

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी मतदाता सूची के ताजा आंकड़ों में सबसे अधिक वोटर हटाए जाने वाले शीर्ष 10 विधानसभा क्षेत्रों में छह भाजपा और चार कांग्रेस की सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, देहरादून की धर्मपुर विधानसभा 29,251 वोटरों के नाम हटने के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है।

आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक वोटर डिलीट होने वाले क्षेत्रों में देहरादून और ऊधम सिंह नगर जिले की विधानसभा सीटों की संख्या सबसे ज्यादा है। इससे स्पष्ट होता है कि मतदाता सूची की छंटनी का सबसे बड़ा प्रभाव इन दोनों जिलों में देखा गया है।

विसंगतियों के मामले में भी धर्मपुर विधानसभा प्रदेश में सबसे ऊपर है, जहां 53,883 मतदाताओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गई हैं। शीर्ष 10 विसंगतिपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों में देहरादून जिले की पांच सीटें—धर्मपुर, सहसपुर, रायपुर, डोईवाला और ऋषिकेश—शामिल हैं। वहीं, रायपुर विधानसभा में कुल मतदाताओं के लगभग 35 प्रतिशत रिकॉर्ड में विसंगतियां दर्ज की गई हैं, जो प्रतिशत के हिसाब से शीर्ष तीन सीटों से भी अधिक है।

सबसे अधिक वोटर डिलीट होने वाली शीर्ष 10 विधानसभा सीटें

  • धर्मपुर – 29,251 (भाजपा)
  • काशीपुर – 28,701 (भाजपा)
  • बाजपुर – 28,520 (कांग्रेस)
  • ऋषिकेश – 27,120 (भाजपा)
  • किच्छा – 27,068 (कांग्रेस)
  • रायपुर – 25,992 (भाजपा)
  • हल्द्वानी – 20,867 (कांग्रेस)
  • रुद्रपुर – 20,642 (भाजपा)
  • चकराता – 20,623 (कांग्रेस)
  • भेल रानीपुर – 19,038 (भाजपा)

सबसे अधिक विसंगतियों वाली विधानसभा सीटें

विसंगतियों की सूची में धर्मपुर, सहसपुर, रुद्रपुर, रायपुर, काशीपुर, डोईवाला, ऋषिकेश, भेल रानीपुर, खानपुर और गदरपुर शामिल हैं। इनमें अधिकांश सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि खानपुर सीट निर्दलीय विधायक के पास है।

चुनाव आयोग के अनुसार, एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए रिकॉर्ड का सत्यापन और संशोधन किया जा रहा है।

Post Comment