सिलक्यारा टनल में हादसा: पत्थर गिरने से मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ स्थित सिलक्यारा टनल में निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना 15 जुलाई की देर रात करीब 12:20 बजे हुई, जब मजदूर टनल के भीतर काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन ने घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मजदूर को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मजदूर झारखंड का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद टनल में काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी दहशत फैल गई। कंपनी प्रबंधन ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जांच के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Post Comment