सब्जी से भरी पिकअप की टक्कर से छात्र की मौत, दो गंभीर घायल
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में बाजपुर रोड पर गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय शिवम, पुत्र मनोज, निवासी मुस्कामपुर परमानंदपुर, अपने साथियों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी पढ़ने जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में पढ़ता है।
बताया गया कि परमानंदपुर के पास सब्जी से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, काशीपुर में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Post Comment