×

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन रही स्थगित

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन रही स्थगित

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से यात्रा दोबारा शुरू करने की योजना बनाई गई।

मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद गढ़वाल मंडल प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया। हालांकि, रोक लागू होने से पहले सुबह करीब 10 बजे सोनप्रयाग से लगभग 1,600 श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया गया।

जानकीचट्टी–यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर मार्ग दो से ढाई मीटर तक धंस गया, जिसके चलते इस हिस्से में यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। वहीं पालीगाड़, सिलाई बैंड, झझर गाड़, जंगलचट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा।

गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

Post Comment