×

विकासनगर में आवारा कुत्ते का हमला, 11 वर्षीय बच्चे का पैर बुरी तरह नोचा

विकासनगर में आवारा कुत्ते का हमला, 11 वर्षीय बच्चे का पैर बुरी तरह नोचा

विकासनगर। नगर पालिका क्षेत्र के केसर बाग वार्ड की भगत सिंह कॉलोनी में आवारा कुत्ते ने 11 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 31 अगस्त की शाम की है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और मजदूरों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे कॉलोनी में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने दक्ष डोभाल पर हमला कर दिया और उसके पैर को बुरी तरह नोच डाला। हमले में बच्चा लहूलुहान हो गया। परिजनों ने घायल दक्ष का धूलकोट स्थित अस्पताल में उपचार कराया।

कई महीनों से बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पिछले कई महीनों से आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गलियों में कुत्तों के झुंड घूमने के कारण बच्चों का स्कूल और ट्यूशन जाना भी मुश्किल हो गया है। अभिभावकों के मुताबिक, हाल के दिनों में करीब छह लोगों को कुत्ते काट चुके हैं।

स्थानीय निवासी अंजलि देवी, सुशीला डोभाल, मनीषा, राजीव डोभाल और अनिल बिज्लवाण समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका में मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अभी तक स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है।

बधियाकरण और टीकाकरण का काम जारी

अभिभावकों का आरोप है कि शिकायत के बाद नगर पालिका की ओर से आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण की बात कही जा रही है, लेकिन कॉलोनी में लोगों की सुरक्षा अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से जल्द निजात दिलाने की मांग की है।

नगर पालिकाध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा है। भगत सिंह कॉलोनी में बच्चे पर हुए हमले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

Post Comment