देहरादून में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की हत्या, सोने का कंगन गायब; लूट की आशंका
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर 70 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति अपनी किताबों की दुकान पर गए हुए थे। महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान रेखा बंसल (70) के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान है। पुलिस के अनुसार घटना करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत रायपुर और डालनवाला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की। महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान भी मिले हैं।
बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय क्षेत्र में मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस हत्या के पीछे लूट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े कॉलोनी में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।



Post Comment