अंकिता भंडारी हत्याकांड: सांसद अनिल बलूनी के साथ सीबीआई अधिकारियों से मिले माता-पिता, निष्पक्ष जांच की मांग
देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। पौड़ी संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद अनिल बलूनी भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे।
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोना देवी ने सीबीआई अधिकारियों को मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण में जल्द और सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से की जा रही है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
सांसद अनिल बलूनी ने कराई मुलाकात
शुक्रवार को सांसद अनिल बलूनी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और उनकी मांग पर उन्हें सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलवाया। मुलाकात के दौरान माता-पिता ने मामले से जुड़े तथ्यों को अधिकारियों के सामने रखा और न्याय दिलाने की अपील की।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
सीबीआई अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उपलब्ध साक्ष्यों और प्रकरण के सभी पहलुओं का परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इंडिया गेट पर किया था प्रदर्शन
इससे दो दिन पहले अंकिता के माता-पिता ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध और अंकिता हत्याकांड में जल्द व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नई दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया था।
इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौके पर पहुंचकर अंकिता के माता-पिता को समर्थन दिया था।
अगले दिन सुबह भी जब अंकिता के माता-पिता इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। हालांकि, बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए दोबारा प्रदर्शन शुरू करने की बात कही थी।
उत्तराखंड में भी हुआ विरोध प्रदर्शन
अंकिता के माता-पिता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में लोक भवन कूच करने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हुई।
लोक भवन का गेट खोलने की कोशिश और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत 30 नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद
अंकिता के माता-पिता लगातार मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्हें जांच को लेकर आश्वासन मिला है। अब उनकी नजर मामले में जांच की प्रगति और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।




Post Comment