अल्पाइन पब्लिक स्कूल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता रजत व कांस्य
उत्तरकाशी। जयपुर में भारतीय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अल्पाइन पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने योग प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में भाग लिया, जहाँ उन्होंने मजबूत प्रतिस्पर्धियों के बीच अपनी प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य मेजर आर.एस. जमनाल (सेनि) ने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड की प्रथम राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 8 से 22 नवंबर तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित की गई। इसी क्रम में खो-खो और योग प्रतियोगिता का आयोजन 21-22 नवंबर को मानसरोवर, जयपुर स्थित अमेरिकन इंटरनेशनल स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता में सात राज्यों के 20 से अधिक विद्यालयों से करीब 650 से 700 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे मुकाबला बेहद कठिन और उच्चस्तरीय रहा।
विद्यालय की प्रतिभाशाली टीम ने इस प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जाह्वी मटूड़ा और खुशी उनियाल की जोड़ी ने अंडर-17 कलात्मक वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि अंश पंवार ने अंडर-17 कलात्मक एकल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा, समृद्धि और स्नेहा नाथ की जोड़ी ने भी अंडर-17 कलात्मक वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को योग आसन भारत और हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आचार्य शर्मा तथा भारतीय शिक्षा बोर्ड के अनिल शर्मा द्वारा मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। विद्यालय परिवार ने इन उपलब्धियों को छात्रों की मेहनत, मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास का परिणाम बताया तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।



Post Comment