×

15 दिनों में चौथी हत्या: दोस्त ने ली साथी की जान, दून में सनसनी

15 दिनों में चौथी हत्या: दोस्त ने ली साथी की जान, दून में सनसनी

देहरादून। पिछले 15 दिनों में सिलसिलेवार हुई चार हत्याओं से राजधानी दहशत में है। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां युवक की हत्या कर उसका शव श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिड़ियापुर जंगल में रेत में दबा दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, नौ फरवरी को दिगंबर धीमान की उसके दोस्तों के साथ नशे के दौरान कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि दोस्तों ने उसकी हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया। 11 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लगातार जांच के बाद मंगलवार को मामले का खुलासा हुआ।

इससे पहले भी फरवरी माह में तीन हत्याएं हो चुकी हैं—

02 फरवरी: गुंजन हत्याकांड
दूल्हा बाजार में गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से हत्या कर दी गई थी। आरोपी आकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। मामले में एसआईटी गठित कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

11 फरवरी: अर्जुन शर्मा हत्याकांड
तिब्बती मार्केट के बाहर गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। हत्या की साजिश में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी।

13 फरवरी: विक्रम शर्मा हत्याकांड
सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो शूटर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

लगातार हो रही वारदातों से कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में दो हत्याओं के बाद 48 घंटे के भीतर एसएसपी अजय सिंह को हटाकर प्रमेंद्र सिंह डोबाल को नया कप्तान बनाया गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने सत्यापन अभियान और गश्त बढ़ा दी है।

फिलहाल दिगंबर धीमान हत्याकांड में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।

Post Comment