×

धामी कैबिनेट विस्तार, 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

धामी कैबिनेट विस्तार, 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

देहरादून | उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चित कैबिनेट विस्तार को आखिरकार शुक्रवार को अमलीजामा पहना दिया गया। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व वाली सरकार में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया, जिससे मंत्रिमंडल को नया स्वरूप मिला है।

देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल Gurmit Singh ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास ने शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ग्रहण कर समारोह को विशेष बना दिया। फिर मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

बताया जा रहा है कि प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब विराम लग गया है। मंत्रिमंडल में पांच पद रिक्त थे, जिन्हें इस विस्तार के जरिए भरा गया। नए मंत्रियों के चयन में उनके पिछले कार्यकाल के प्रदर्शन, संगठन में भूमिका और जनाधार को प्रमुख आधार बनाया गया।

इस कैबिनेट विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। सरकार ने मैदान और पहाड़ी क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है, ताकि सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। खास बात यह है कि इस विस्तार के बाद हरिद्वार जिले को पहली बार दो कैबिनेट मंत्री मिले हैं।

नई कैबिनेट संरचना के अनुसार अब गढ़वाल क्षेत्र से आठ और कुमाऊं क्षेत्र से चार मंत्री शामिल हैं। इनमें तीन विधायक पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि दो अनुभवी नेताओं को दोबारा मौका दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार को लेकर राज्य और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कई दौर की बातचीत हुई थी। सरकार और संगठन के बीच गहन मंथन के बाद इस विस्तार को अंतिम रूप दिया गया। नवरात्र के शुभ अवसर को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण के लिए इसी दिन का चयन किया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस विस्तार से न केवल सरकार को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए भी पार्टी संगठन को लाभ होगा। अब सभी की नजर नए मंत्रियों के प्रदर्शन और सरकार की आगामी रणनीति पर टिकी हुई है

Post Comment