×

भाजपा का ग्राउंड प्लान तैयार—82 दायित्वधारी योजनाएं पहुंचाएंगे हर घर तक

भाजपा का ग्राउंड प्लान तैयार—82 दायित्वधारी योजनाएं पहुंचाएंगे हर घर तक

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में 82 दायित्वधारियों को बड़ी जिम्मेदारी देने की रणनीति तैयार कर ली है। सरकार द्वारा सौंपे गए दायित्वों के बाद अब संगठन इन नेताओं के जरिए सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर देगा।

पुष्कर सिंह धामी सरकार और संगठन के समन्वय से तैयार इस योजना के तहत ऐसे नेताओं का चयन किया गया है, जिनकी अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ और पहचान है। भाजपा की इस रणनीति को “माइक्रो इंजीनियरिंग” के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें कमजोर क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है।

पार्टी पहले ही दो स्तर पर सर्वेक्षण करा चुकी है, ताकि चुनावी तैयारी में कोई कमी न रह जाए। जिन क्षेत्रों में संगठन खुद को कमजोर मान रहा है, वहां ये दायित्वधारी सरकार और संगठन के मजबूत प्रतिनिधि के रूप में काम करेंगे।

भाजपा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी दायित्वधारी पहले जनता के बीच जाकर अपने-अपने विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों तक उनका लाभ पहुंचाएं। इसके बाद उन्हें चुनाव से जुड़े विशेष कार्य (टास्क) सौंपे जाएंगे।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, ये दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करेंगे। जितना प्रभावी ढंग से ये योजनाएं लोगों तक पहुंचाएंगे, उतनी ही पार्टी की स्थिति मजबूत होगी।

Post Comment