सितारगंज में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, आतंकी संगठन से जुड़े तार उजागर
ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन Al Badr Brigade से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार की घेराबंदी कर उसे सिडकुल फेस-टू के पास रोका गया। तलाशी के दौरान कार से पांच अवैध हथियार, 222 कारतूस और 129 खोखे बरामद हुए। मौके से हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस दबिश के डर से वे हथियारों को चोरगलिया के जंगल में छिपाने जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। मामले की गहन जांच में उनके बैंक खातों और मोबाइल डेटा से संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ, जिसमें जम्मू-कश्मीर के खातों से जुड़ाव सामने आया।
जांच के दौरान पता चला कि जम्मू-कश्मीर निवासी रेहान मीर इस नेटवर्क का अहम हिस्सा है, जो आतंकी संगठन से जुड़ा ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) है। वह आरोपियों के खातों में पैसे ट्रांसफर करता था। अब यह जांच की जा रही है कि भेजी गई रकम के बदले हथियारों की सप्लाई की जाती थी या नहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को भी सूचित कर दिया है। साथ ही जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।



Post Comment