सीएम धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म का प्रोमो और पोस्टर किया लॉन्च
देहरादून । देहरादून में पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएं सादगी, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो आज के समय में बेहद प्रासंगिक हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण व प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाएगी और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में मदद करेगी।
इस कार्यक्रम में स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर और अन्य कलाकार भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी लोगों को इस प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।



Post Comment