×

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा—रोडवेज बस ने मासूम को 20 मीटर तक घसीटा, गुस्साए लोगों का हंगामा

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा—रोडवेज बस ने मासूम को 20 मीटर तक घसीटा, गुस्साए लोगों का हंगामा

नैनीताल।  नैनीताल  जिले के हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच साल की मासूम बच्ची कनक की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने बस में तोड़फोड़ करते हुए पथराव किया, जिससे इलाके में कई घंटों तक जाम लगा रहा।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:15 बजे नैनीताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी। बच्ची बस के अगले पहिये में फंस गई और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उसकी मां के सामने हुआ, जो सड़क के दूसरी ओर खड़ी बच्चों का इंतजार कर रही थी।

बताया जा रहा है कि बच्ची अपने भाई और अन्य बच्चों के साथ आंगनबाड़ी से लौट रही थी। तीन बच्चे तो सुरक्षित सड़क पार कर गए, लेकिन कनक बस की चपेट में आ गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बस पर पथराव किया, शीशे तोड़ दिए और चालक को पकड़कर पीट दिया। स्थिति को संभालने के लिए काठगोदाम सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।

हंगामे और जाम के चलते शव को मोर्चरी भेजने में भी देरी हुई। करीब दोपहर 2 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और शाम को परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लगा रहा, जो शाम करीब 6 बजे के बाद सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बस चालक ने बच्चों को देखकर भी गति धीमी नहीं की, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और मृत बच्ची के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Post Comment