×

उत्तराखंड में बंजी जंपिंग के लिए नए सुरक्षा नियम जल्द लागू, 50 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य

उत्तराखंड में बंजी जंपिंग के लिए नए सुरक्षा नियम जल्द लागू, 50 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य

देहरादून । उत्तराखंड सरकार बंजी जंपिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए नई नियमावली लागू करने जा रही है। पर्यटन सचिव धीरज गबर्याल के अनुसार, अगले एक महीने के भीतर नई गाइडलाइन लागू कर दी जाएगी।

नई नियमावली के तहत 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। बिना चिकित्सकीय प्रमाणपत्र के उन्हें बंजी जंपिंग की अनुमति नहीं मिलेगी। साथ ही, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को बंजी जंपिंग से दूर रहने की सलाह दी गई है।

सरकार ने यह कदम हाल के कुछ हादसों के बाद उठाया है। नवंबर 2025 में ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित एक एडवेंचर पार्क में सुरक्षा रस्सी टूटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं, जून 2026 में देवप्रयाग में बंजी जंपिंग के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी।

नई गाइडलाइन में बंजी जंपिंग संचालकों के लिए भी कड़े प्रावधान किए गए हैं। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली प्राकृतिक रबर की बंजी कॉर्ड का उपयोग करना होगा, निर्धारित समय पर रस्सियों को बदलना होगा, डबल हार्नेस सिस्टम अपनाना होगा और जंप से पहले कम से कम दो से तीन प्रशिक्षकों द्वारा सुरक्षा जांच सुनिश्चित करनी होगी।

सरकार का उद्देश्य एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Post Comment