×

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो घायल

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो घायल

कोटद्वार। कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गुमखाल-सतपुली मार्ग पर पहाड़ से अचानक विशाल बोल्डर गिरने से उसकी चपेट में आई बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से एक विशाल बोल्डर टूटकर सीधे वाहन पर आ गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एक घायल वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन से वाहन को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में केरल निवासी 45 वर्षीय श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों की पहचान 61 वर्षीय सरनजीत (निवासी दिल्ली) और उदय (मूल निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान में दिल्ली) के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का उपचार जारी है। साथ ही, मृतक और घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

Post Comment