×

उत्तराखंड में 8.39 लाख मतदाताओं के नाम हटाने की तैयारी, 14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर सूची

उत्तराखंड में 8.39 लाख मतदाताओं के नाम हटाने की तैयारी, 14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर सूची

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन जारी है। चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि प्री-एसआईआर में 4.53 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद अब 8.39 लाख और मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाने की तैयारी की जा रही है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के अनुसार, ये वे मतदाता हैं जो मृत पाए गए हैं, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं, दोहरे पंजीकरण वाले हैं या सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले। इन सभी को “अनकलेक्टेड” श्रेणी में रखा गया है।

राज्य में 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक मतदाता गणनापत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य चल रहा है। कुल 79.60 लाख मतदाताओं में से अब तक 70.98 लाख मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। अनकलेक्टेड श्रेणी में 1.23 लाख मृत, 4.77 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61,764 पहले से पंजीकृत, 1.68 लाख अनुपस्थित तथा 8,479 अन्य कारणों वाले मतदाता शामिल हैं।

चुनाव आयोग 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करेगा, जिसमें इन मतदाताओं के नाम अलग कर दिए जाएंगे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। जांच और निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर तक चलेगी तथा अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी।

गौरतलब है कि प्री-एसआईआर अभियान के दौरान पहले ही 4.53 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं। अब नए सत्यापन के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या लगभग 70 लाख तक पहुंचने की संभावना है।

Post Comment