×

SIR ड्यूटी से प्रभावित विभागीय कार्यों पर मंत्री रेखा आर्या नाराज, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

SIR ड्यूटी से प्रभावित विभागीय कार्यों पर मंत्री रेखा आर्या नाराज, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के चलते विभागीय कार्य प्रभावित होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने आंगनबाड़ी केंद्र पर विभागीय कार्यों का भी निस्तारण करें, ताकि योजनाओं के संचालन और ऑनलाइन डाटा फीडिंग में कोई बाधा न आए।

विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि विभाग की अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार से वित्तपोषित हैं और उनकी नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग होती है। यदि डाटा फीडिंग में लापरवाही बरती गई तो भविष्य में विभाग के बजट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस संबंध में उन्होंने विभागीय सचिव को सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने के लिए कहा।

बैठक में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 438 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 2,773 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लक्ष्य है कि अगस्त 2026 के अंत तक सभी रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी कर ली जाएं।

इसके अलावा, मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी (APAAR ID) कम संख्या में बनने पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई के अंत तक सभी पात्र बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Post Comment