×

पांच दिन चला सर्च अभियान, सात दिन बाद जंगल से सकुशल मिली लापता युवती

पांच दिन चला सर्च अभियान, सात दिन बाद जंगल से सकुशल मिली लापता युवती

अल्मोड़ा, 8 जुलाई 2026: रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय युवती को अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद पांच दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की ओर से काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर तीन जुलाई को रानीखेत कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई और ड्रोन कैमरों की भी सहायता ली गई।

मंगलवार शाम संयुक्त टीम ने सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में युवती को सुरक्षित खोज निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्ट्रेचर के सहारे लगभग छह किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। युवती की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

Post Comment