×

बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच तेज, आरोपियों की संपत्तियों की होगी जांच

बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच तेज, आरोपियों की संपत्तियों की होगी जांच

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब और व्यापक हो गई है। पुलिस अब आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की भी जांच करेगी। यदि जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति मिलने के प्रमाण मिलते हैं, तो उनके खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, चढ़ावे की गणना में लंबे समय से अनियमितताओं की आशंका है। मामले से जुड़े अभिलेखों की विशेषज्ञों से जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावा गणना कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत कर दी गई है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कक्ष में शीशे की दीवार और ऊपरी हिस्से में मजबूत जाली लगाई गई है। साथ ही, पूरे कक्ष में पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि चढ़ावे की गणना के दौरान हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड पर शनिवार को न्यायालय में सुनवाई होनी है। यदि पुलिस को रिमांड मिलती है, तो पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

दूसरी ओर, शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति भी मामले की अलग से जांच कर रही है। समिति सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है और जिन कर्मचारियों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दे रही हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस मामले को मजबूत बनाने के लिए वित्तीय अभिलेखों और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी गहन जांच कर रही है।

Post Comment