उत्तराखंड में मानसून फिर होगा सक्रिय, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 जुलाई के लिए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में बिजली चमकने, गर्जन और तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार जिले में भी बिजली चमकने और तेज गर्जन की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मसूरी के जेपी बैंड के पास त्यूणी–चकराता–मसूरी–धनोल्टी–चंबा–मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-707ए) पर नाले से मलबा आने के कारण सड़क कुछ समय के लिए बंद हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी मशीन भेजकर लगभग 45 मिनट में मलबा हटाया और यातायात बहाल कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान नालों में जमा निर्माण सामग्री बहकर सड़क पर आ रही है, जिससे बार-बार मार्ग बाधित हो रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



Post Comment