×

देहरादून: माजरा में नाले से युवक का शव बरामद, बारिश के दौरान डूबने से मौत की आशंका

देहरादून: माजरा में नाले से युवक का शव बरामद, बारिश के दौरान डूबने से मौत की आशंका

देहरादून: राजधानी के माजरा क्षेत्र में शनिवार तड़के सड़क किनारे बने नाले से एक युवक का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के दौरान नाले में गिरने और तेज बहाव में बह जाने से उसकी मौत हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमित सेमवाल (21), निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। वह सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पैदल घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा।

रात करीब 12:45 बजे पुलिस को माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे नाले में एक युवक के फंसे होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक नाले में गिर गया था और डूबने या तेज पानी के बहाव में बह जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post Comment