उत्तराखंड चुनाव: भाजपा की चुनावी तैयारियां तेज, दिल्ली में आज कोर कमेटी की अहम बैठक
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होकर आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा, जिसमें विस्तारक योजना, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर रहेगा।
भाजपा पहले ही जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारी शुरू कर चुकी है। इसके तहत राज्य के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही, युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद तय की गई रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए संगठन की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।
भाजपा का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।



Post Comment