सावन सेलिब्रेशन में मीना राणा के गीतों पर जमकर झूमीं महिलाएं
जौलीग्रांट। भानियावाला में मातृशक्ति अठूरवाला की ओर से सावन सेलिब्रेशन एवं तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोक गायिका मीना राणा की गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया और महिलाएं उनके गीतों पर जमकर झूमीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। उन्होंने कहा कि अपनी बोली, भाषा और संस्कृति से जुड़े आयोजन लोगों के मन में विशेष छाप छोड़ते हैं। कार्यक्रम में महिलाओं ने समूह नृत्य, गढ़वाली काव्य पाठ और हास्य प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता और विभिन्न मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए।
मीनाक्षी बिष्ट बनीं सावन क्वीन, जबकि अंबिका रावत फर्स्ट रनर-अप रहीं। अंजू जोशी और रक्षा पंत संयुक्त रूप से सेकंड रनर-अप चुनी गईं। मेहंदी प्रतियोगिता में ऋतु डबराल विजेता रहीं। वहीं, महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में अन्नू रावत की टीम ने बाजी मारी।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता कुंवर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य गृहणियों और किशोरियों को घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ लोक संस्कृति से जोड़ना और उन्हें मनोरंजन के साथ सुखद अनुभव प्रदान करना था।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, सभासद ईश्वर रौथाण, संदीप नेगी, डॉ. कल्पना राणा, प्रदीप नेगी, रणजीत गुसाईं, पुरुषोत्तम डोभाल, चंद्रवल्लभ लखेड़ा, संजय चमोली, राजेश कुंवर, शोभा गुसाईं, सुमन गुसाईं, मधु डोभाल और बबीता पंत सहित कई लोग मौजूद रहे।



Post Comment