×

उत्तराखंड की विधानसभा सीटों में बदला मतदाताओं का गणित, रुद्रपुर सबसे आगे; धर्मपुर चौथे स्थान पर

उत्तराखंड की विधानसभा सीटों में बदला मतदाताओं का गणित, रुद्रपुर सबसे आगे; धर्मपुर चौथे स्थान पर

देहरादून। उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या का समीकरण बदल गया है। अब ऊधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर विधानसभा सीट करीब 1.71 लाख मतदाताओं के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान सबसे अधिक मतदाताओं वाली धर्मपुर विधानसभा सीट अब चौथे स्थान पर आ गई है।

वर्ष 2022 में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 2.05 लाख मतदाता थे और यह प्रदेश में पहले स्थान पर था। ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार अब यहां मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 1.59 लाख रह गई है। हालांकि, चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद ही विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की वास्तविक संख्या की स्थिति स्पष्ट होगी।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

एसआईआर के बाद आठ लाख से अधिक नाम हटे

प्रदेश में इस वर्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद आठ लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इसके बाद चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1.19 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इस प्रक्रिया के कारण प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों में मतदाताओं की संख्या में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

विशेष अभियान के तहत सबसे अधिक 5,688 नए मतदाताओं के नाम कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में जोड़े गए। इसके बाद यहां मतदाताओं की कुल संख्या करीब 1.71 लाख पहुंच गई है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कालाढूंगी में लगभग 1.70 लाख मतदाता थे और यह प्रदेश में पांचवें स्थान पर थी। नए नाम जुड़ने के बाद यह दूसरी सबसे बड़ी विधानसभा सीट बन गई है।

सहसपुर तीसरे और धर्मपुर चौथे स्थान पर

मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सहसपुर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यहां विशेष अभियान के दौरान 3,560 मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जिसके बाद कुल संख्या करीब 1.64 लाख हो गई है।

धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विशेष अभियान के दौरान 4,520 नए मतदाताओं के नाम जुड़े हैं। इसके बावजूद यहां कुल मतदाताओं की संख्या करीब 1.59 लाख है और यह प्रदेश में चौथे स्थान पर है।

वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में 4,277 नए मतदाता जुड़े हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या करीब 1.51 लाख हो गई है। इस आधार पर डोईवाला प्रदेश की पांचवीं सबसे बड़ी विधानसभा सीट बन गई है।

प्रदेश में 45 मतदान केंद्र कम हुए

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों का भी पुनर्गठन किया गया। एसआईआर के बाद प्रदेश में कुल 12,543 मतदान केंद्र थे। पुनर्गठन प्रक्रिया में एक ही भवन में संचालित कई मतदान केंद्रों को एकीकृत किया गया। इसके अलावा खराब भवनों में स्थापित मतदान केंद्रों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित किया गया।

इस प्रक्रिया के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या में 45 की कमी आई है। अब उत्तराखंड में कुल 12,498 मतदान केंद्र रह गए हैं।

प्रदेश की मतदाता सूची में 26 प्रवासी मतदाता

उत्तराखंड की मतदाता सूची में विदेश में रहने वाले 26 प्रवासी मतदाताओं के नाम भी शामिल हैं। इनमें 17 पुरुष और नौ महिला मतदाता हैं।

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक आठ प्रवासी मतदाता देहरादून में दर्ज हैं। पौड़ी गढ़वाल में छह, ऊधमसिंह नगर में पांच, बागेश्वर में तीन और नैनीताल में दो मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा चंपावत और टिहरी जिले में एक-एक प्रवासी मतदाता का नाम दर्ज है।

11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता

प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम में संशोधन कराने और अन्य संबंधित दावे या आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।

इसके लिए मतदाता बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं, वे निर्धारित दस्तावेज जमा कर दोबारा नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बीएलए प्रतिदिन दर्ज करा सकेंगे 10 आपत्तियां

अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रतिदिन अधिकतम 10 आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। वहीं, आम नागरिक 11 दिसंबर तक कुल 10 आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। चार जनवरी के बाद आमजन के लिए प्रतिमाह पांच आपत्तियां दर्ज कराने का प्रावधान बताया गया है।

जिलेवार मतदाताओं की संख्या

ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार उत्तराखंड के 13 जिलों में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:

जिला पुरुष महिला ट्रांसजेंडर कुल मतदाता
उत्तरकाशी 1,18,305 1,08,793 2 2,27,100
चमोली 1,43,551 1,36,164 2 2,79,717
रुद्रप्रयाग 92,652 90,944 0 1,83,596
टिहरी 2,44,672 2,25,317 4 4,69,993
देहरादून 6,32,396 5,96,300 50 12,28,746
हरिद्वार 6,74,427 5,90,093 103 12,64,623
पौड़ी 2,68,491 2,47,526 10 5,16,027
पिथौरागढ़ 1,78,795 1,71,084 2 3,49,881
बागेश्वर 1,06,860 1,01,005 1 2,07,866
अल्मोड़ा 2,50,950 2,29,922 4 4,80,876
चंपावत 1,01,948 91,390 1 1,93,339
नैनीताल 3,70,089 3,42,802 13 7,12,904
ऊधमसिंह नगर 6,10,237 5,53,107 23 11,63,367
कुल 37,93,373 34,84,447 215 72,78,035

Post Comment