×

देहरादून: तिब्बती मार्केट के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, आपसी विवाद की आशंका

देहरादून: तिब्बती मार्केट के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, आपसी विवाद की आशंका

देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार दो अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते मृतक की माता ने पहले ही उच्च न्यायालय से सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Previous post

हल्द्वानी में डबल मर्डर: युवक-युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या, मंडी क्षेत्र में सनसनी

Next post

पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे से सामने आएगी बेरोजगारी की वास्तविक तस्वीर, फरवरी से दिसंबर तक होगा सर्वे

Post Comment