×

जागेश्वर धाम में मूलभूत सुविधाओं की कमी, पुजारियों ने उठाई मांग

जागेश्वर धाम में मूलभूत सुविधाओं की कमी, पुजारियों ने उठाई मांग

अल्मोड़ा  ।  अल्मोड़ा   स्थित जागेश्वर धाम में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर पुजारियों और संतों ने प्रशासन से जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि धाम में संस्कृत महाविद्यालय, अस्पताल, धर्मशाला और पर्याप्त वाहन पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाएं मौजूद नहीं हैं। साथ ही, पिछले दो वर्षों से मंदिर प्रबंधन समिति का गठन न होने के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

धाम के आसपास की सोलर स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। स्वामी कैलाशानंद महाराज ने बताया कि संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक भव्य आश्रम और धर्मशाला का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान पार्किंग स्थल मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर दूर है, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है। गर्मियों में कुछ समय के लिए शटल सेवा चलती है, लेकिन बाकी समय सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से जाम की समस्या बढ़ जाती है।

पुजारियों ने मंदिर के आसपास नए पार्किंग स्थल के लिए जमीन चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित स्थान का विवरण, फोटो और गूगल मैप उपलब्ध कराने को कहा है और जल्द ही धाम का दौरा कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।

Post Comment