चलती ट्रेन में नवजात की मौत का मामला, दंपती पर उठे सवाल
लक्सर/रुड़की: देहरादून से सहारनपुर जा रही डीएलएस पैसेंजर ट्रेन में एक दर्दनाक घटना सामने आई। ट्रेन से एक नवजात शिशु का शव नीचे गिर जाने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद दंपती की कहानी पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि नवजात को जानबूझकर ट्रेन से फेंका गया, जबकि दंपती का कहना है कि यह हादसा था।
पुलिस के अनुसार, दंपती लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हैं। महिला ने एक दिन पहले लक्सर अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके चलते उसे हरिद्वार के मेला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह नवजात की मौत हो गई।
इसके बाद दंपती हरिद्वार से देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन से बच्चे का शव लेकर लौट रहे थे। पिता ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे थे। जब ट्रेन ऐथल और लक्सर स्टेशन के बीच पथरी पुल के पास पहुंची, तभी अचानक तेज झटका लगा। दंपती का दावा है कि दरवाजा जोर से लगा और उनके हाथ से नवजात का शव छिटककर नीचे गिर गया।
हालांकि, ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि दंपती ने बच्चे को जानबूझकर ट्रेन से नीचे फेंका। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जीआरपी (Government Railway Police) मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूछताछ जारी है।



Post Comment