×

उत्तरकाशी में जंगल की भीषण आग बस्ती और हाईवे तक पहुंची, 70 यात्री सुरक्षित निकाले गए

उत्तरकाशी में जंगल की भीषण आग बस्ती और हाईवे तक पहुंची, 70 यात्री सुरक्षित निकाले गए

उत्तराखंड में जंगलों की आग लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। उत्तरकाशी के बड़ेथी क्षेत्र में देर रात लगी भीषण आग तेजी से फैलते हुए आवासीय बस्ती और गंगोत्री हाईवे तक पहुंच गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पोखु देवता मंदिर के पास जंगल में भड़की आग ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम नरेंद्र रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग के कारण पास स्थित एक गेस्ट हाउस में धुआं भर गया, जिससे वहां ठहरे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पहाड़ से मैदान तक धधक रहे जंगल

प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक जंगलों में आग लगी हुई है। कई स्थानों पर वनाग्नि गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रही है।

कर्णप्रयाग के आदिबदरी क्षेत्र में जंगल की आग गांव तक पहुंचने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं विकासनगर में एक स्कूल जल गया और ऋषिकेश में मधुमक्खी पालन प्लांट आग की चपेट में आ गया।

गढ़वाल मंडल के कई जिलों में दर्जनों स्थानों पर जंगल धधक रहे हैं। गोपेश्वर, अगस्त्यमुनि, नई टिहरी, पौखाल, लैंसडाउन और पौड़ी क्षेत्रों में वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।

फसल और बागवानी को भी नुकसान

टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में आग की वजह से सेब और कीवी के पौधे झुलस गए हैं। वहीं कई इलाकों में धुएं के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है।

कोटद्वार में जंगल में आग लगाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। प्रशासन और वन विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने के अभियान में जुटी हुई हैं।

Post Comment