रुद्रप्रयाग–सोनप्रयाग मार्ग पर भूस्खलन रोकथाम को 130 करोड़ मंजूर, यात्रा होगी सुरक्षित
देहरादून।
राष्ट्रीय राजमार्ग 107 पर रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक भूस्खलन की समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने 130 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह कार्य करीब 70 किलोमीटर लंबे मार्ग पर किया जाएगा। इससे चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।
मुख्य अभियंता मुकेश पंवार के अनुसार, इस परियोजना के तहत भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न्यूनीकरण कार्य किए जाएंगे। साथ ही, इस मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी इसी वर्ष पूरा कर लिया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।
यह मार्ग कुंड से चमोली को जोड़ते हुए तुंगनाथ और रुद्रनाथ जैसे पंचकेदार मंदिरों तक पहुंच का प्रमुख रास्ता है। इसके अंतर्गत रुद्रप्रयाग–अगस्त्यमुनि, अगस्त्यमुनि बाईपास, काकरगाड़–गुप्तकाशी, गुप्तकाशी–फाटा और फाटा–सीतापुर जैसे विभिन्न खंडों में दो-लेन सड़क निर्माण के साथ भूस्खलन रोकथाम के कार्य किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, इस योजना से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि बरसात के दौरान मार्ग बंद होने की समस्या से भी राहत मिलेगी। भूस्खलन रोकथाम का यह कार्य राज्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।



Post Comment