कोटद्वार में नेताओं के पहुंचने की सूचना से बढ़ी हलचल, पुलिस प्रशासन अलर्ट
कोटद्वार।
कोटद्वार नगर में सांसद चंद्रशेखर समेत कुछ राजनीतिक नेताओं के पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। पटेल मार्ग स्थित वकील अहमद की कपड़े की दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के चलते शहर का माहौल संवेदनशील बना हुआ है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीमा क्षेत्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस द्वारा यूपी से कोटद्वार की ओर आने वाले वाहनों को सीमा पर ही वापस लौटाया जा रहा है। स्वयं एसएसपी ने मौके पर डेरा डालते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। शहर में पैदल मार्च किया जा रहा है और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
दीपक कुमार द्वारा खुद को “मोहम्मद दीपक” बताए जाने के बाद शुरू हुए विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विपक्षी दलों के नेता दीपक के समर्थन में सामने आए हैं। इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं के सोशल मीडिया पर बयान देने से माहौल और गरमा गया है।
कोतवाली पुलिस ने इस प्रकरण में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की ओर से बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की ओर से दीपक उर्फ अक्की (मोहम्मद दीपक) और कांग्रेस नेता विजय रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ है।
तीसरा मुकदमा बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार की ओर से देहरादून और हरिद्वार से कोटद्वार पहुंचकर हंगामा करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराया गया है। पुलिस को आशंका है कि यदि दीपक के समर्थन में भी बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। इसी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।



Post Comment