उत्तराखंड: सात मार्च को हरिद्वार आएंगे अमित शाह, प्रदेश टोली की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah सात मार्च को हरिद्वार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह प्रदेश टोली की बैठक में शामिल होकर आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे। साथ ही जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को चुनावी दृष्टि से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मंच से चुनावी तैयारियों को लेकर स्पष्ट संकेत दिए जाएंगे और जीत की हैट्रिक के लक्ष्य पर रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में भाजपा कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में यह आकलन किया जाएगा कि पार्टी किन क्षेत्रों में मजबूत है और किन क्षेत्रों में संगठन को और सशक्त करने की आवश्यकता है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में सरकार परिवर्तन की अटकलों पर विराम लगाने और राजनीतिक स्थायित्व का संदेश देने की तैयारी में है। यदि कहीं एंटी-इनकंबेंसी के संकेत मिलते हैं, तो उसे प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि सात मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर भविष्य की रणनीति को और मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा, 23 मार्च को प्रधानमंत्री Narendra Modi के उत्तराखंड दौरे का भी प्रस्ताव है। इस कार्यक्रम के साथ ही भाजपा प्रदेश में चुनावी अभियान को और तेज करने की तैयारी में है।



Post Comment