सत्र के पहले दिन ही बजट पेश कर सकती है सरकार, विधानसभा ने जारी किया अनंतिम कार्यक्रम
देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 9 से 13 मार्च तक प्रस्तावित बजट सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। पांच दिवसीय सत्र के लिए विधायी विभाग ने अनंतिम कार्यक्रम विधानसभा सचिवालय को भेज दिया है, जिसे अब सभी विधायकों को जारी कर दिया गया है।
कार्यक्रम के अनुसार 9 मार्च को सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके बाद सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश कर सकती है। साथ ही विनियोग विधेयक भी सदन पटल पर रखा जा सकता है।
10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी और अध्यादेश सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। 11 मार्च को अभिभाषण पारित करने के साथ बजट पर सामान्य चर्चा की जाएगी। 12 मार्च को विभागवार आय-व्यय पर विस्तृत चर्चा होगी, जबकि 13 मार्च को संबंधित विधेयकों को पारित किया जाएगा।
हालांकि, यह कार्यक्रम अनंतिम है। अंतिम कार्यसूची कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय की जाएगी। सत्र को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां जारी हैं, ताकि भराड़ीसैंण में सुचारु रूप से सदन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।



Post Comment