ईद पर मथुरा में बवाल: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत से भड़का आक्रोश
मथुरा में ईद के दिन उस समय तनाव फैल गया जब ब्रज के प्रसिद्ध गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गौ-तस्करों ने उन्हें गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी।
घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के अंतर्गत नवीपुर गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि बाबा को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से वाहन चढ़ाकर उनकी जान ले ली।
इस घटना के बाद पूरे ब्रज क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया और कई जगहों पर पथराव भी किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त एकत्र हो गए। उनकी लोकप्रियता और गौ-रक्षा के प्रति समर्पण के कारण क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Post Comment