नैनीताल: नशे की ओवरडोज से युवक की मौत की आशंका
नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसमें नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है।
मृतक शुभ हाल ही में दिल्ली से अपने घर कुसुमखेड़ा (हरीपुर नायक, भूमिया विहार फेस-2) लौटा था। वह एक निजी नौकरी करता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मां यहां किराए पर रहकर घरों में काम करती हैं।
बताया गया कि बुधवार शाम शुभ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, मगर संपर्क नहीं हो सका। बृहस्पतिवार देर शाम किसी परिचित ने सूचना दी कि वह पीलीकोठी क्षेत्र के पास पड़ा हुआ है। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक के शरीर पर इंजेक्शन के निशान थे। जिस स्थान पर उसका शव मिला, वहां से इंजेक्शन और नशे से संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। ये सभी तथ्य नशे की ओवरडोज की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की गहन जांच जारी है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवक की पूरी हिस्ट्री खंगाली जा रही है और मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।



Post Comment