×

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारी तेज, पीएम मोदी की जनसभा की संभावना

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारी तेज, पीएम मोदी की जनसभा की संभावना

देहरादून: दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि नरेंद्र मोदी अप्रैल के पहले सप्ताह में देहरादून पहुंचकर इसका उद्घाटन कर सकते हैं।

एक्सप्रेसवे के आसपास साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम शुरू हो चुका है। इसके साथ ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए हेलिपैड निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री की एक बड़ी जनसभा भी आयोजित हो सकती है। इसके लिए देहरादून में उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी भी तैयारियों में जुट गए हैं और एक्सप्रेसवे के किनारे सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गणेशपुर टोल प्लाजा के पास पहले से तीन हेलिपैड बनाए जा चुके हैं और अब देहरादून की ओर तीन नए हेलिपैड का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

उद्घाटन के दौरान यह भी संभावना है कि प्रधानमंत्री मोदी एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर कार से सफर करें। खासतौर पर मोहंड क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बनाई गई यह एलिवेटेड सड़क परियोजना का प्रमुख आकर्षण है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री के मां डाट काली मंदिर में दर्शन करने की भी संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां और तेज कर दी गई हैं।

Post Comment