10 अप्रैल से शुरू होगी जनगणना 2027 की ऑनलाइन स्व-गणना, घर बैठे 15–20 मिनट में भर सकेंगे विवरण
देहरादून: आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण (मकान सूचीकरण और मकानों की गणना) के तहत 10 अप्रैल से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना विवरण आसानी से भर सकेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगेगा।
स्व-गणना के लिए परिवार के मुखिया का नाम और एक मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के लिए किया जा सकेगा, और पंजीकरण के दौरान दर्ज किया गया नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा। साथ ही, भाषा का चयन भी सावधानी से करना होगा, क्योंकि ओटीपी सत्यापन के बाद इसे बदला नहीं जा सकता।
इस प्रक्रिया की खास बात इंटरएक्टिव मैपिंग है, जिसमें उपयोगकर्ता को स्क्रीन पर दिए गए मार्कर को खींचकर अपने घर की सही लोकेशन दर्ज करनी होगी। सभी जानकारी भरने और सबमिट करने के बाद सिस्टम 11 अंकों की एक यूनिक स्व-गणना आईडी (SE ID) जारी करेगा, जो SMS और ईमेल के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
जब जनगणना प्रगणक घर पर आएंगे, तो केवल यह SE ID दिखानी होगी। यदि आईडी का मिलान हो जाता है, तो दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, मिलान न होने पर प्रगणक फिर से विवरण एकत्र करेंगे।
इस पहल से जनगणना प्रक्रिया को आसान और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस ऑनलाइन स्व-गणना में भाग लेने की अपील की है।



Post Comment