ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून में सघन चेकिंग, महिला अधिकारियों ने संभाली रात की कमान
देहरादून: राजधानी देहरादून में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसपी सिटी और एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रात के समय विशेष निगरानी कर रही हैं।
गुरुवार देर रात पुलिस टीमों ने संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर कई इलाकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की जांच की गई, साथ ही अपराध में शामिल लोगों के ठिकानों पर औचक छापेमारी भी की गई।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले बार और रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई की, खासकर वे प्रतिष्ठान जो निर्धारित समय के बाद खुले पाए गए।
इस अभियान की खास बात यह रही कि रात्रि चेकिंग की जिम्मेदारी महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाली। उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।
इसके अलावा रायपुर क्षेत्र के चुना भट्टा सपेरा बस्ती में भी पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



Post Comment