टिहरी में भारी बारिश से तबाही, दुकानों में घुसा पानी और मलबा
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में शुक्रवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी तहसील क्षेत्र में अचानक हुई अतिवृष्टि के कारण बिलौंदी पुल बाजार में कई दुकानों और कमरों में पानी व मलबा घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नौघर गांव क्षेत्र में तेज बारिश के बाद बरसाती पानी और मलबा बहकर बिलौंदी पुल बाजार तक पहुंच गया। सबसे अधिक नुकसान कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरों में हुआ, जहां पानी घुसने से सामान खराब हो गया।
भारी बारिश के चलते नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर भी मलबा जमा हो गया, जिससे सड़क काफी देर तक बंद रही। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया।
मलबे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी घंटों फंसे रहे। बताया गया कि मंत्री उत्तरकाशी दौरे से देहरादून लौट रहे थे।
राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बताया कि शाम करीब तीन से चार बजे के बीच क्षेत्र में अत्यधिक तेज बारिश हुई। बरसाती पानी के साथ आए मलबे ने करीब 10 दुकानों को प्रभावित किया। वहीं अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।



Post Comment