उत्तराखंड दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद युवाओं से किया संवाद
देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंतों ने उनका स्वागत किया और उन्हें भगवान टपकेश्वर का चित्र भेंट किया।
मंदिर दर्शन के बाद नितिन नवीन गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ मुलाकात कर जलपान किया। इसके बाद उन्होंने प्रबुद्ध जनों की गोष्ठी में भाग लिया और युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की।
युवा संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि सफलता और नेतृत्व का अवसर उन्हीं लोगों को मिलता है जो संगठन और समाज के लिए समय और मेहनत लगाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था को रोजगार-केंद्रित बनाने की आवश्यकता है, ताकि युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीक के बढ़ते महत्व का भी उल्लेख किया।
इससे पहले हुई बैठकों में नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों, महापौरों और पार्टी पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती, अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के आंतरिक मुद्दों को सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर नहीं लाना चाहिए और सभी नेताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर काम करना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष रूप से उन 23 विधानसभा सीटों पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही, जहां भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में हार गई थी। उन्होंने इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सांसदों को सौंपी और बताया कि संगठन की ओर से वहां पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की भी नियुक्ति की जाएगी।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा को आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठनात्मक एकता, अनुशासन और जनसंपर्क को और मजबूत करना होगा, तभी राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।



Post Comment