×

मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन, यात्रा होगी और तेज

मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन, यात्रा होगी और तेज

देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच मेरठ से ऋषिकेश (लक्ष्मणझूला) तक हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने पर सहमति बन गई है। इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु 7.02 करोड़ रुपये के परामर्श शुल्क को मंजूरी देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही 150 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के सर्वे का कार्य शुरू होगा।

यह ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी। प्रस्तावित रूट का 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।

160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली इस ट्रेन के शुरू होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरी हो सकेगी। वर्तमान में दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत ट्रेन का सफल संचालन हो रहा है और अब इसे उत्तराखंड तक विस्तार देने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, यह परियोजना राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। साथ ही देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

Post Comment