×

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

हरिद्वार।    हरिद्वार  के जिला अस्पताल में सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने औचक निरीक्षण किया। एक निजी कार्यक्रम के बाद अचानक अस्पताल पहुंचे मंत्री को देखकर स्वास्थ्य कर्मचारियों और डॉक्टरों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सफाई व्यवस्था देखकर मंत्री नाराज हो गए। गंदी वॉशबेसिन और परिसर में फैली अव्यवस्था पर उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएम) आरवी सिंह को मौके पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने कहा कि अस्पताल की हालत बेहद खराब है और यह अस्पताल कम, कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था तुरंत सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर और स्वच्छ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मेला अस्पताल भवन का भी जायजा लिया, जहां वर्तमान में जिला अस्पताल संचालित हो रहा है। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री इन दिनों प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और कमियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार भी लगा रहे हैं। उनके ये निरीक्षण सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में हैं।

Post Comment